रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री धामी ने स्व. जसपाल राणा को दी श्रद्धांजलि

देहरादून,
24 जून। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मझौन, देहरादून में प्रसिद्ध निशानेबाज़ एवं पद्मश्री सम्मानित स्वर्गीय जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वर्गीय जसपाल राणा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके खेल जगत में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों से देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा, खजान दास, सांसद महेश शर्मा, अजय भट्ट, सुधांशु त्रिवेदी, विधायक पंकज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


