उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

देहरादून में 19 जून को होगा 51 कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह

देहरादून,18 जून 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में 19 जून 2026 को आयोजित होने वाले 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दिगंबर दिनेश पुरी ने बताया कि श्री बालाजी जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शुरू हुई धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत श्रद्धालुओं और भक्तजनों के सहयोग से 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की जाएगी तथा विवाह में शामिल होने वाले बारातियों और अतिथियों के लिए भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के अनुसार दोपहर लगभग 1 बजे वरमाला समारोह होगा, जिसके बाद भोजन प्रसाद का वितरण प्रारंभ होगा। सायं 4 बजे सभी जोड़ों के वैदिक रीति-रिवाजों के साथ फेरे संपन्न कराए जाएंगे। इसके पश्चात सभी नवविवाहित जोड़े वाहन रैली के माध्यम से श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान पृथ्वीनाथ महादेव एवं अन्य देवी-देवताओं के दर्शन एवं परिक्रमा कर महंत रवींद्र पुरी जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके बाद शाम लगभग 5 बजे नवविवाहित जोड़ों की विदाई की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार समारोह में देहरादून जनपद के जनप्रतिनिधियों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने समस्त पत्रकार बंधुओं को भी 19 जून को दोपहर 12:30 बजे से 4:30 बजे तक चौधरी फार्म हाउस, जीएमएस रोड, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है।
बैठक में दिगंबर दिनेश पुरी, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अनिल गोयल, अखिल अग्रवाल, कान्हा मित्तल, संजय कुमार गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button