सोरगढ़ किले में व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू, जिलाधिकारी के निर्देशों पर पर्यटन विभाग सक्रिय

पिथौरागढ़, 14 जून 2026 । हाल ही में जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा सोरगढ़ किले के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में जिला पर्यटन विकास अधिकारी श्री कीर्ति आर्या ने आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण सोरगढ़ किले में आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है।
निर्देशों के अनुपालन में किले परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने, क्षतिग्रस्त टोंटियों एवं जलापूर्ति संबंधी व्यवस्थाओं की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किले में आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा सभी सुविधाओं का सतत रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनसुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य सोरगढ़ किले को एक स्वच्छ, आकर्षक एवं सुविधायुक्त पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके।



