पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल: श्री महाकाल सेवा समिति ने चार तुन के पेड़ों को ट्री गार्ड से कराया मुक्त

देहरादून,14 जून। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए श्री महाकाल सेवा समिति ने रविवार को गढ़ी कैंट क्षेत्र में महेंद्रा पार्क के सामने स्थित चार तुन के पेड़ों को ट्री गार्ड से मुक्त कराया। समिति का यह अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार चल रहा है, जिसका उद्देश्य पेड़ों के स्वस्थ विकास को सुनिश्चित करना और उन्हें कुपोषण व अन्य बाधाओं से बचाना है।
समिति के अध्यक्ष रोशन राणा ने बताया कि सड़क किनारे लगे कई पेड़ समय पर ट्री गार्ड नहीं हटाए जाने, बैनर-पोस्टर लगाने के लिए उनमें लोहे की कीलें ठोके जाने तथा जड़ों तक पर्याप्त हवा और पानी न पहुंच पाने के कारण कमजोर हो जाते हैं। यही वजह है कि मानसून के दौरान तेज आंधी-तूफान में बड़े-बड़े पेड़ भी गिर जाते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक विकास के लिए ट्री गार्ड को समय पर हटाना आवश्यक है।
रोशन राणा ने बताया कि समिति ने इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पेड़ों को लोहे के जाल और अनुपयोगी ट्री गार्ड से मुक्त कराने का अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में रविवार को चार पेड़ों को ट्री गार्ड से मुक्त कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
इस अवसर पर शनि मंदिर के डॉ. सुशांत राज का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे पर्यावरणीय कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य गौरव जैन, राहुल माटा, विक्रम चौधरी, हिमांशु कोटनाला एवं अनुष्का राणा ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
समिति ने नागरिकों से भी अपील की कि वे पेड़ों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे आएं तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपना योगदान दें।



