उत्तर प्रदेशधर्म-संस्कृतिराष्ट्रीय

श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा की सफलता हेतु संतों का मंगल आशीर्वाद, जलालाबाद व टिकरौल में किए दर्शन

जलालाबाद, 24 मई 2026। दिल्ली से 25 जून 2026 को प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए 19 जुलाई को गिरनार जी पहुंचने वाली 25 दिवसीय, 5100 किलोमीटर लंबी “श्री नेमि गिरनार धर्म यात्रा” की सफलता के लिए विश्व जैन संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न अतिशय क्षेत्रों में दर्शन कर पूज्य संतों का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
रामपुर मनीहारन में ससंघ विराजमान पूज्य आचार्य श्री 108 भारत भूषण जी मुनिराज ने धर्म यात्रा की सफलता हेतु मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि भगवान नेमिनाथ के मोक्षस्थल गिरनार जी के दर्शन एवं चरण वंदन कर उनकी भावनाओं को अपनी आत्मा तक पहुंचाना महान भाग्य का उदय है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस धर्म यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया।
वहीं, ससंघ विहार करते हुए शामली की ओर जा रहे पूज्य आचार्य श्री 108 विनिश्चय सागर जी महाराज से भी संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भेंट कर गिरनार धर्म यात्रा की सफलता हेतु मंगल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर शामली से श्री मोहित जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय जैन ने बताया कि यह धर्म यात्रा 25 जून को दिल्ली से प्रारंभ होकर 19 जुलाई को गिरनार जी पहुंचेगी। उन्होंने समाज के सभी श्रद्धालुओं से यात्रा में जुड़ने, सहयोग करने तथा 20 जुलाई को गिरनार वंदना में सम्मिलित होने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गुजरात तीर्थ क्षेत्र कमेटी द्वारा गिरनार पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
भारतवर्षीय दिगंबर तीर्थ क्षेत्र कमेटी, दिल्ली अंचल के अध्यक्ष श्री प्रद्युम्न जैन ने 20 जुलाई को आयोजित गिरनार वंदना के दौरान गुजरात पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए संगठन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संगठन के सम्मानित सदस्य अनुज जैन (लक्ष्मी नगर, दिल्ली), सहारनपुर शाखा अध्यक्ष अरिहंत जैन, मंत्री आयुष जैन, सदस्य विनीत जैन, निपुण जैन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
धर्म यात्रा से पूर्व संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जलालाबाद स्थित अतिशयकारी भगवान पार्श्वनाथ तथा टिकरौल में विराजमान भगवान पार्श्वनाथ एवं भगवान शांतिनाथ की प्राचीन प्रतिमाओं के दर्शन कर यात्रा की सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
जलालाबाद अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष श्री सुशील जैन एवं टिकरौल अध्यक्ष श्री तुषार जैन ने कमेटी की ओर से सभी आगंतुकों का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button