चारधामः ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के लिए उमड़ रही भारी भीड़
ऋषिकेश 24 मई । चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के लिए भारी भीड़ लगी है। हजारों यात्री सुबह से लाइन में लगे रहे। यात्रियों की भीड़ के दबाव से रविवार को फिर से धक्का मुक्की हुई। इस दौरान रोडवेज टिकट काउंटर का शीशा भी टूट गया। महाराष्ट्र के यात्री ने जोर जबरदस्ती करते हुए काउंटर पर धक्का मारा। रोडवेज कर्मचारियों ने उक्त तीर्थयात्री को पुलिस को सौंपा दिया। समझौता होने के बाद युवक ने रोडवेज की संपत्ति क्षतिग्रस्त होने के बदले 1000 रुपये का जुर्माना जमा किया। उसके बाद पुलिस ने उक्त यात्री को छोड़ा।
प्रशासन की ओर से स्लॉट व्यवस्था शुरू कर दी गई है। शनिवार को भीड़ के कारण महज 4.41 घंटे में ही चारधाम का स्लॉट फुल हो गया। उसके बाद यात्रा प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों को काउंटर से हटने के लिए कहा गया। सैकड़ों यात्री शाम चार बजे तक काउंटर के आगे बैठे रहे। पंजीकरण रविवार सुबह छह बजे से होने की घोषणा के बाद तीर्थयात्री धर्मशालाओं और होटलों की ओर गए थे। इसके बाद रविवार को फिर भारी भीड़ के चलते हालात बेकाबू होते नजर आए।



