उत्तराखण्डराजनीतिहिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड-हिमाचल एससी आयोगों ने साझा किए अनुभव, पीड़ितों को त्वरित न्याय पर जोर

देहरादून 22 मई। डांडा धर्मपुर स्थित अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप कुमार सहित आयोग के सदस्यों ने भ्रमण कर उत्तराखंड में आयोग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान दोनों राज्यों के आयोगों के बीच कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण और समाज में जागरूकता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा एवं शालनी जामवाल का उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में कुलदीप कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही पहाड़ी राज्य हैं, इसलिए अनुसूचित जाति समाज की समस्याएं भी काफी हद तक समान हैं। उन्होंने हिमाचल सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं एवं आयोग की गतिविधियों की जानकारी साझा की। साथ ही उत्तराखंड आयोग की कार्यप्रणाली की सराहना भी की।
उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने आयोग की गतिविधियों, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा भूमि संबंधी विवादों के समाधान की प्रक्रिया से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर गीता खन्ना, भगवत मकवाना, आयोग की सचिव कविता टम्टा, सदस्य विशाल मुखिया, भागीरथी कुंजवाल, सुनीता देवी तथा विधिक सलाहकार राजू महर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button