उत्तराखण्डशासन

रुद्रपुर में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त हुए डीएम, धर्मांतरण, अवैध नशे और अतिक्रमण पर कड़ी निगरानी के निर्देश

रुद्रपुर,18 मई 2026 । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को धर्मांतरण, अवैध नशा, अतिक्रमण, अवैध धार्मिक संरचनाओं तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने धर्मांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा धर्मांतरण करने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को एससी/एसटी वर्ग हेतु संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिए जाने की बात कही। साथ ही ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला सुरक्षा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, पॉक्सो एक्ट के मामले, चोरी, गृहभेदन, नशे के कारोबार, अवैध इंजेक्शन, मिलावटी दवाइयों तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक विवादों एवं विभिन्न संगठनों की गतिविधियों पर भी सतत निगरानी रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि औद्योगिक संस्थानों में कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित वेतन दिया जा रहा है या नहीं, इसकी भी नियमित जांच की जाए।
जिलाधिकारी ने उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2018 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि धर्मांतरण से संबंधित प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने संभावित धर्मांतरण स्थलों, भवनों एवं प्रार्थना स्थलों की नियमित निगरानी तथा उनकी वैधानिक स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। अवैध गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध धार्मिक संरचनाओं के संबंध में जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि अथवा नियमों के विपरीत निर्मित संरचनाओं के खिलाफ निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण, राजकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध धार्मिक संरचनाओं को चिन्हित कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, विकास, राजस्व एवं समाज कल्याण विभागों के संयुक्त कैंप आयोजित कर जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर, उप जिलाधिकारी एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कल्याणी नदी में किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और वर्षाकाल से पहले अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि शहर में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Back to top button