मकान सूचीकरण एवं गणना को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

झिंझाना, (शामली)। नगर पंचायत में शासन व जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशानुसार जनगणना-2027 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नामित कार्मिकों को जनगणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराते हुए उन्हें फील्ड में बेहतर तरीके से कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।
नगर पंचायत झिंझाना के कार्यालय सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 39 परगणक एवं 6 सुपरवाइजर प्रतिभाग कर रहे थे। प्रशिक्षण 28, 29 व 30 अप्रैल 2026 तक चला, जिसमें प्रतिभागियों को घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण, परिवारों का विवरण संकलन तथा निर्धारित प्रारूप के अनुसार सूचनाएं एकत्रित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
फील्ड ट्रेनर अनिल कुमार एवं अजय मिश्रा द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों को भरने की विधि, डिजिटल माध्यमों के उपयोग, आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने तथा समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के बारे में समझाया गया। साथ ही प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए सावधानीपूर्वक जानकारी एकत्रित करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी परगणक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें तथा आमजन से सहयोग लेकर सही और सटीक जानकारी संकलित करें। अधिकारियों ने जनगणना को देश का महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए इसे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सभी 39 परगणक एवं 6 सुपरवाइजरों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया और जनगणना कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।


