उत्तराखण्डशिक्षा

देहरादून में बाल संरक्षण जागरूकता अभियान तेज, बच्चों को बताए अधिकार और सुरक्षा उपाय

देहरादून,22 अप्रैल 2026 । जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में महिला कल्याण विभाग, उत्तराखंड द्वारा जनपद में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी, देहरादून के नेतृत्व में इस अभियान के तहत विकासनगर क्षेत्र के ग्राम छरबा स्थित मदरसा तथा रेसकोर्स क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र चंदन नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 के महत्व और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) एवं किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) की भूमिका और कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम छरबा में 55 तथा रेसकोर्स क्षेत्र में 25 बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की। बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में सरल और संवादात्मक माध्यम से जानकारी दी गई।
छरबा में सुपरवाइजर रक्षा रावत ने बताया कि बच्चों और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं और आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
जिला प्रोबेशन अधिकारी, देहरादून ने कहा कि जनपद में बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में छरबा क्षेत्र से चाइल्ड हेल्पलाइन देहरादून की ओर से रक्षा रावत, स्मृति और प्रदीप उपस्थित रहे, जबकि रेसकोर्स क्षेत्र में सुपरवाइजर सरिता रानी, हिमांशु (वर्कर), सविता गोगिया एवं रजनीश ने सहभागिता की।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बच्चे के साथ शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देकर सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button