ईरान से सकुशल लौटे कैप्टन विजय ने केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह से की मुलाकात, थानाभवन में पॉलिटेक्निक निर्माण का मुद्दा भी उठा

नई दिल्ली/थानाभवन 21 अप्रैल 

। केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से भैंसवाल निवासी शिप कैप्टन विजय कुमार चौधरी ने उनके दिल्ली आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान थानाभवन विधायक अशरफ़ अली ख़ान भी उपस्थित रहे।
कैप्टन विजय चौधरी हाल ही में ईरान से सकुशल भारत लौटे हैं। ज्ञात हो कि उनकी शिप को ईरानी नौसेना द्वारा बंधक बना लिया गया था, जिससे स्थिति अत्यंत जटिल हो गई थी। इस संवेदनशील मामले में केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के प्रयासों तथा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की सक्रिय कूटनीति के चलते कैप्टन विजय और उनकी टीम को सुरक्षित रिहाई मिल सकी। मुलाकात के दौरान कैप्टन विजय चौधरी एवं उनके परिजनों ने कठिन परिस्थितियों में सहयोग और रिहाई सुनिश्चित कराने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इसी अवसर पर विधायक अशरफ़ अली ख़ान ने क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने थानाभवन के ग्राम नौजल में आवंटित भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माण की मांग की, जिससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को कम शुल्क में तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो सके और रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। इस पर केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के निर्माण हेतु शीघ्र ही राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मुलाकात के दौरान जनपद शामली को केंद्रीय विद्यालय की सौगात दिए जाने पर भी क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जितेन्द्र चौधरी (पेलखा), डॉ. जयराज प्रधान (मालेंडी), कपिल चौधरी (भैंसवाल), आर्यन राणा (फतेहपुर), हाजी इकबाल एवं आदिल प्रधान (भैसानी इस्लामपुर) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



