उत्तराखण्डपर्यटन

पंतनगर से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी

पंतनगर/रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। उड़ान योजना के अंतर्गत पवन हंस द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवाओं का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक शिव अरोरा एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पंतनगर एयरपोर्ट से नौकुचियाताल के लिए पहली हेली सेवा को हरी झंडी दिखाकर तथा नारियल फोड़कर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने इसे पर्यटन और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास की दिशा में क्रांतिकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर के बीच हेली सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे पर्यटकों को तेज और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अब पर्यटक मात्र आधे से पौने घंटे में देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल आम नागरिकों के लिए सुलभ, किफायती और विश्वसनीय हवाई परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि यह हेली सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को आपस में जोड़ेगी, जिससे समय की बचत के साथ यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए विस्तार कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। विस्तार के बाद यह एयरपोर्ट नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी जुड़ सकेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय, पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार, अनुप गुप्ता, सीएसओ राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button