देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने को क्यूआरटी सक्रिय, 69 एजेंसियों का निरीक्षण,5 घरेलू सिलेंडर जब्त
देहरादून,16 मार्च 2026 । एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है। क्यूआरटी टीमों ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण से जुड़ी सभी गतिविधियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी स्वयं जिले में गैस आपूर्ति और वितरण के बैकलॉग की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीमों द्वारा अब तक जनपद देहरादून की 69 गैस एजेंसियों और 25 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान विकासनगर क्षेत्र में 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित क्यूआरटी टीमों और एजेंसीवार नामित नोडल अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने हेतु एसपी सिटी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से जिले में गैस वितरण और आपूर्ति की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा आमजन की समस्याओं के निस्तारण पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 64 शिकायतें दर्ज हुई हैं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी गैस आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता अथवा अन्य समस्याओं के संबंध में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को जनपद में लगभग 14,899 उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 63 उपभोक्ताओं को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों में लगभग 80 हजार का बैकलॉग बताया गया है। प्रशासन के अनुसार एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और मांग के अनुरूप आपूर्ति बढ़ाने के लिए गैस कंपनियों को लोड बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।


