उत्तराखण्डजनसुनवाई

जनता दर्शन में 162 शिकायतें प्राप्त, एडीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

देहरादून,16 मार्च 2026 । जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) K.K. Mishra ने की। जनता दर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से कुल 162 शिकायतें प्राप्त हुईं।
अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
जनता दर्शन के दौरान ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि संबंधित टाइपिस्ट ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उनसे 11,500 रुपये ले लिए और एक माह बाद प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। बाद में आधार कार्ड अपडेट कराने के दौरान नगर निगम की जांच में उक्त जन्म प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए निरस्त कर दिया गया। पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकाया जा रहा है। इस पर एडीएम ने नगर निगम एवं पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं मोथरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत की कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उनके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना की जा रही है। इस मामले में डीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद भी दर्ज है। उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन मामला थाना नेहरू कॉलोनी और बाईपास चौकी के बीच बार-बार भेजे जाने से दंपति को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एडीएम ने सीओ डालनवाला को प्रकरण में त्वरित कार्रवाई कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने शिकायत में बताया कि उन्होंने भूमि क्रय के लिए अनुबंध कर 2 लाख रुपये नकद दिए थे। अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था, जबकि मौके पर रास्ता 12 फीट ही निकला। पैसे वापस मांगने पर संबंधित डीलर द्वारा धमकाया जा रहा है। इस पर एडीएम ने सीओ डोईवाला को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत करते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें हांगकांग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपये ले लिए और पिछले 10 महीनों से बहाने बना रहा है। अब उसने फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया गया है।
वहीं बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2025 में अतिवृष्टि के कारण उनके क्षेत्र में रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे घर को भी खतरा बना हुआ है। इस पर अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खंड को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि 18.89 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button