उत्तराखण्डशासन

ग्रीष्म ऋतु व मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

रुद्रपुर,12 मार्च 2026 — जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में ग्रीष्म ऋतु तथा पूर्व मानसून की तैयारियों के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जिला आपदा प्रबंधन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए पेयजल विभाग आमजन को सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अभी से सक्रिय होकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता रहे, एंबुलेंस व मेडिकल टीम तैयार रहें तथा गर्भवती महिलाओं का डाटा संकलित किया जाए। साथ ही सर्पदंश की घटनाओं से निपटने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला चिकित्सालय में एंटी वेनम किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को मानसून से पूर्व नालियों की समय से सफाई कराने और पूर्व की भांति जीआईएस मैपिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को गर्मी की स्थिति को देखते हुए शिक्षण समय में आवश्यक परिवर्तन करने तथा ग्रीष्म ऋतु से संबंधित जागरूकता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मानसून से पूर्व जर्जर भवनों की सूची तैयार करने, जल संस्थान और पेयजल विभाग को पेयजल लाइनों की मरम्मत कर शुद्ध एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब हैंडपंपों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को एजेंडा के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
जिला पंचायतराज अधिकारी को ब्लॉकों के माध्यम से आपदा सुरक्षा टीमों का गठन करने और उनका व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें आपदा प्रबंधन विभाग को भी जोड़ने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को फसल क्षेत्रफल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने तथा सभी उप जिलाधिकारियों को खाड़ी देशों में फंसे या वापस भारत आना चाहने वाले लोगों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन रेखीय विभागों द्वारा थर्ड पार्टी निरीक्षण नहीं हुआ है, वे शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र आपदा प्रबंधन को उपलब्ध कराएं। सिंचाई और खनन विभाग को समन्वय स्थापित कर जनपद की नदियों में रिवर ड्रेजिंग व चैनलाइजेशन के लिए चिन्हांकन कर प्रस्ताव आपदा प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान यदि कहीं विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो इसकी सूचना तत्काल आपदा कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि कंट्रोल रूम के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान में सहायता मिल सके।
बैठक में ओसी/उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, अधिशासी अभियंता सिंचाई ए.एस. नेगी, पेयजल निगम के सुनील जोशी, जल संस्थान के तरुण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी एवं नगर निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Related Articles

Back to top button