नैनीताल में होगा ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का आयोजन

नैनीताल 23 फ़रवरी। मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त समन्वय से विकसित भारत युवा संसद 2026 का जिला स्तरीय आयोजन 25 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से डीएसबी परिसर के सेमिनार हॉल में आयोजित किया जाएगा।
उप निदेशक, मेरा युवा भारत नैनीताल डोल्वी तेवतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष युवा संसद का विषय “आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय आयोजन में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग (01 सितंबर 2025 तक) के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए 3 मिनट का समय दिया जाएगा। इच्छुक युवा निर्धारित तिथि को सीधे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर सहभागिता कर सकते हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर 10 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। इसके पश्चात प्रत्येक राज्य से 3 श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर हेतु किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर का विकसित भारत युवा संसद 2026 संसद में आयोजित किया जाएगा, जो चयनित युवाओं के लिए एक गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक अवसर होगा। यह कार्यक्रम “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में युवाओं की भूमिका को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने सभी इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे 25 फरवरी 2026 को एक पासपोर्ट साइज फोटो एवं पहचान पत्र की फोटोप्रति साथ लाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

