अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का समापन
नैनीताल 13 फरवरी।
मेरा युवा भारत नैनीताल द्वारा युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 9 से 13 फरवरी तक हर्मिटेज, यूजीसी–एमएमटीटीसी, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल में आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का अंतिम दिवस उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार राज्य के पटना, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली एवं समस्तीपुर जिलों से आए कुल 37 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतिम दिन की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके उपरांत प्रतिभागियों ने नैना देवी मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा आयोजित नैनीताल झील में नौकायन का सभी प्रतिभागियों ने आनंद लिया।
इसके पश्चात समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती सरिता आर्या (विधायक, नैनीताल), विशिष्ट अतिथि श्री गोपाल सिंह रावत (सांसद प्रतिनिधि), श्रीमती मुन्नी टोलिया (प्रबंधक, युवा छात्रावास नैनीताल), वरिष्ठ पत्रकार श्री किशोर जोशी (दैनिक जागरण) एवं श्रीमती सुमन (हिंदुस्तान टाइम्स) उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऐपन प्रतियोगिता में समस्तीपुर के आयुष ने प्रथम, वैशाली की प्रतीक्षा ने द्वितीय तथा पटना के सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान समस्तीपुर टीम को ‘सर्वश्रेष्ठ अनुशासन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में माननीय विधायक श्रीमती सरिता आर्या जी ने जिले में मेरा युवा भारत (पूर्व में नेहरू युवा केंद्र) द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रमों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने इन कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने हेतु माननीय नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मनसुख मांडविया जी का आभार व्यक्त किया तथा बिहार से आए युवाओं के उत्साह की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
वहीं श्री गोपाल सिंह रावत जी ने विभिन्न जिलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए युवाओं के अनुशासन एवं सहभागिता को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में डोल्वी तेवतिया (उप निदेशक, मेरा युवा भारत नैनीताल) ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
समापन समारोह का सफल संचालन श्री पुष्कर दानू एवं श्री अजय कोहली द्वारा किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सद्भाव को सशक्त करने का संदेश दिया।