उत्तराखण्डजनसुनवाई

मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल में बाल संरक्षण एवं महिला कल्याण पर जागरूकता अभियान

देहरादून,02 फरवरी 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जिला बाल संरक्षण इकाई देहरादून/जिला प्रोबेशन कार्यालय देहरादून तथा महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल, डी-ब्लॉक नेहरू कॉलोनी, देहरादून में बाल संरक्षण एवं महिला कल्याण से संबंधित विषयों पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें किशोर न्याय अधिनियम 2015, पोक्सो एक्ट, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल विवाह निषेध, बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, अनाथ प्रमाण पत्र, स्पॉन्सरशिप योजना, दत्तक ग्रहण विनियम 2022, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, विधवा पेंशन योजना तथा गुड टच–बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सीमा डुंगराकोटी, सचिव/सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून उपस्थित रहीं। जिला बाल संरक्षण इकाई से मीना बिष्ट (जिला प्रोबेशन अधिकारी), रश्मि बिष्ट, सम्पूर्णा भट्ट, यशोदा पंवार (संरक्षण अधिकारी), अनीता नौटियाल (काउंसलर), कविता पाण्डेय (सामाजिक कार्यकर्ता) ने बच्चों को जानकारी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त चाइल्ड हेल्पलाइन से सुपरवाइजर सविता एवं केस वर्कर नीलम, बाल कल्याण समिति की सदस्य नीता काण्डपाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलंटियर सीमा कटारिया तथा मैत्री नवानी (आंगनवाड़ी कार्यकत्री) भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
जागरूकता शिविर में मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल के लगभग 400 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की और बाल अधिकारों एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Back to top button