उत्तराखण्डअपराध

किडनैपिंग और फिरौती का सनसनीखेज खुलासा, दून पुलिस ने 5 अभियुक्त किए गिरफ्तार, युवक सकुशल बरामद

देहरादून,03 मार्च। राजधानी देहरादून में किडनैपिंग और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है।
मामला विकासनगर कोतवाली क्षेत्र का है। 2 मार्च को भोजावाला, विकासनगर निवासी पुष्पा देवी ने थाना विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि कुछ अज्ञात लोग कार संख्या यूके-07-एफएस-4482 और एक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की और उसे कार में अगवा कर ले गए। कुछ देर बाद अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में धारा 140(2)/115(2)/333 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और घटना में प्रयुक्त वाहन व उसके स्वामी की जानकारी जुटाई। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने उसी रात विकासनगर क्षेत्र से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया तथा घटना में शामिल सभी पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं। वे नशे के आदी युवकों को चिन्हित कर स्वयं को किसी धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देते थे और झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करते हुए फिरौती वसूलते थे। 2 मार्च को भी उन्होंने युवक पर मादक पदार्थों की तस्करी का झूठा आरोप लगाकर जबरन कार में बैठाया और परिजनों से एक लाख रुपये की मांग की।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास वैरोगी (35) निवासी सहारनपुर, नीरज (34) निवासी सहारनपुर, प्रवीन (44) निवासी विकासनगर, सचिन (31) निवासी जीवनगढ़ विकासनगर तथा नवीन (27) निवासी डाकपत्थर विकासनगर शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button