भुगतान न मिलने से आक्रोशित जल जीवन मिशन के ठेकेदार, 6 अप्रैल को 24 घंटे जल आपूर्ति ठप करने की चेतावनी

देहरादून, 4 अप्रैल 2026। जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों ने भुगतान न होने से परेशान होकर बड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित पत्र जारी करते हुए 6 अप्रैल 2026 को 24 घंटे जल आपूर्ति पूरी तरह बाधित करने और देहरादून में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रहे ठेकेदारों को लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। ठेकेदारों पर बैंक लोन, ब्याज, कर्मचारियों के वेतन और मशीनों के किराये का भारी दबाव है, जिससे वे टूटने की कगार पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने कहा कि ठेकेदारों ने कई बार शासन और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को लगभग 700 करोड़ रुपये की धनराशि जारी होने के बावजूद यह राशि ठेकेदारों तक नहीं पहुंची है।
अमित अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो 6 अप्रैल सुबह 6 बजे से 7 अप्रैल सुबह 6 बजे तक प्रदेशभर में जल आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इस दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
इसके साथ ही 6 अप्रैल को देहरादून में ठेकेदारों द्वारा विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में जल जीवन मिशन का कार्य पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि ठेकेदारों की स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि वे “भूखे मरने” की कगार पर हैं और लगातार बढ़ते दबाव के कारण उन्हें यह कठोर निर्णय लेने पर मजबूर होना पड़ा है।



