प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-चतुर्थ चरण के तहत उत्तराखंड में 3,172 किमी लंबाई की 528 सड़कें एवं 19 पुलों का होगा निर्माण
*केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रेषित पत्र में दी जानकारी। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता मजबूत करने के लिये राज्य के प्रयासों को सराहा*
*राज्य को इस वित्तीय वर्ष में पीएमजीएसवाई के तहत 333 किमी सड़क निर्माण का लक्ष्य, ₹420 करोड़ का बजट हुआ निर्धारित*
देहरादून 02 नवंबर।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को प्रेषित पत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-चतुर्थ चरण के तहत द्वितीय चरण के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 3,172 किमी लंबाई की 528 सड़कों एवं 19 पुलों के अनुमोदन की प्रक्रिया की जानकारी दी है।
केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रेषित पत्र में उत्तराखंड में ग्रामीण सड़क संपर्कता को सुदृढ़ करने के प्रति मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता की सराहना की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित सड़क एवं पुलों के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर तकनीकी-आर्थिक समिति की बैठक 30 सितंबर, 2026 को आयोजित की गई थी। आवश्यक अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात इन प्रस्तावों को अंतिम मूल्यांकन एवं स्वीकृति के लिए अधिकार प्राप्त समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में उत्तराखंड के लिए 333 किमी सड़क निर्माण का भौतिक लक्ष्य तथा ₹420 करोड़ का वित्तीय आवंटन निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 35 किमी सड़क निर्माण, ₹210 करोड़ के मदररूट सुदृढ़ीकरण तथा लगभग ₹57 करोड़ का व्यय दर्ज किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में राज्य सरकार के प्रयास महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रेषित पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत पांच सड़क कार्यों में से 44 किमी सड़क निर्माण पूर्ण होने से सीमावर्ती क्षेत्रों की संपर्कता और अधिक सुदृढ़ होगी।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार द्वारा इन पहलों पर निरंतर ध्यान दिए जाने से वर्तमान कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-चतुर्थ चरण के तहत द्वितीय चरण के प्रस्तावित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता मजबूत करने के इस महत्वपूर्ण प्रयास में भारत सरकार एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से उत्तराखंड को हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक समन्वय उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चतुर्थ चरण की स्वीकृति के उपरान्त राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी तथा प्रदेश के दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।