इको टास्क फोर्स को उपलब्ध कराए गये वाहनों का मुख्यमंत्री ने किया फ्लैग ऑफ

0
254

ईको टास्क फोर्स को पॉलीहाउस बनाकर देगा हॉर्टिकल्चर विभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गढ़ी कैंट में उत्तराखंड बागवानी विभाग के माध्यम से इको टास्क फोर्स को उपलब्ध कराए गये बोलेरो वाहनों एवं मोटरसाइकिलो का फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान 2 बोलेरो पिकअप और 10 मोटरसाइकिलें ईको टास्क फोर्स को सौंपी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने इस अवसर पर घोषणा की कि भविष्य में हॉर्टिकल्चर विभाग ईको टास्क फोर्स को 6  पॉलीहाउस बनाकर देगा, जिसमें चार पॉलीहाउस परियोजना क्षेत्रों तथा दो पॉलीहाउस बटालियन मुख्यालय में स्थापित किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग से दोनों परियोजना क्षेत्रों में मानसून आने से पूर्व बरसात के पानी के संरक्षण के लिए 120 दिनों के लिए दो जेसीबी प्रदान की जाएगी। ईको टास्क फोर्स के सहिया, कस्याली तथा बटालियन मुख्यालय में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जल भंडारण के लिए 50 हजार लीटर की क्षमता की टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली की स्थापना की जाएगी।  अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूआरडीए) द्वारा देहरादून, सहिया तथा कस्याली परियोजना स्थलों में 100 किलोवाट के सौर पैनल का प्रावधान किया जाएगा। सभी सरकारी विभागों में प्राप्त होने वाले ईको टास्क फोर्स के प्रस्तावों को पूरी प्राथमिकता दी जायेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए इको टास्क फोर्स की स्थापना की गई थी, उस उद्देश्य की पूर्ति के लिए यह टीम निरंतर प्रयासरत है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इको टास्क फोर्स द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्तराखंड में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। वृक्षारोपण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न गतिविधियां इनके द्वारा राज्य में की जा रही हैं। श्री जोशी ने कहा 127 इको टास्क फोर्स ने स्थापना के बाद से ही गढ़वाल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी रूप से कार्य किया। इस अवसर पर जीओसी  सब एरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कर्नल रोहित श्रीवास्तव, हीरो मोटोकॉर्प के प्लांट हेड यशपाल सरदाना एवं ईको टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित थे।