देश

राष्ट्र की उन्नति में महत्वपूर्ण है विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी: सिंह

‘आकाश तत्व’ पर आधारित प्रदर्शनी व सम्मेलन का शुभारंभ

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को प्रेमनगर स्थित उत्तरांचल विश्वविद्यालय में आयोजित ‘आकाश तत्व’ पर आधारित राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी व सम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी स्थल पर प्रत्येक स्टॉल की जानकारी ली और स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने एटमॉसफेरिक डॉटा क्लेकशन की जानकारी देने वाले स्पेस बेलून को छोड़कर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी किसी भी राष्ट्र की उन्नति व विकास के लिए महत्वपूर्ण है। भारत विश्व स्तर पर विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अंतरिक्ष विज्ञान, परमाणु ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी पर अनेक नवीन शोध कार्य किये जा रहे हैं। इस अवसर पर इसरो के वैज्ञानिक सचिव डॉ. एएस शांतनु वाडेकर ने इस सम्मेलन के उद्देश्यों व इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। संगठन महामंत्री विज्ञान भारती प्रवीण रामदास ने इस कार्यक्रम से युवा शक्ति को विज्ञान के प्रति आकर्षित करने का माध्यम बताया। इस अवसर पर सदस्य सचिव डॉ.समीर शरन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, कुलाधिपति उत्तरांचल विश्वविद्यालय डॉ.आरपी सिंह, कुलपति प्रो.धर्मबुद्धि, सहित विश्वविद्यालयों, कॉलेजों एवं संस्थानों के विद्यार्थी एवं वैज्ञानिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button