शहर में लगा रहा भीषण जाम, यातायात व्यवस्था ध्वस्त जाम में फंसे रहे वाहन, लोग हुए मुहाल

0
505
शामली। शहर में जाम के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, लाख प्रयासों के बावजूद भी शहरवासियों को जाम से निजात मिलती नजर नहीें आ रही है। शुक्रवार को भी शहर में भीषण जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह अस्त-व्यस्त रही। वाहन घंटों जाम में फंसे रहे जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पडा। रोजाना लग रहे जाम से आम जनता भी हलकान हो रही है लेकिन किसी भी अधिकारी के पास जाम की समस्या का कोई उपाय नहीं है।
जानकारी के अनुसार शहर में जाम के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। जब से शामली को जनपद का दर्जा मिला है, यहां जाम की स्थिति बदतर हो गयी है। कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजरता जिस दिन शहर में जाम न लगता हो। प्रतिदिन लगने वाले जाम से आम आदमी भी बुरी तरह हलकान हो गया है। लाख प्रयास करने के बावजूद भी शहर को जाम से निजात मिलती नजर नहीं आ रही है। बाजारों में भीड का आलम बना रहता है जिसके कारण लोगों को निकलने का रास्ता नहीं मिल पाता और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। शुक्रवार को तीसरे दिन भी शहर में भीषण जाम की स्थिति बनी रही जिससे यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गयी। वाहन घंटों जाम में फंसे रहे जिससे पैदल चलने वालों को भी निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया। हनुमान रोड, सुभाष चौंक, रेलवे रोड, भिक्की मोड, धीमानपुरा रेलवे फाटक पर वाहन चलने के बजाय रेंगने पर मजबूर हो गए। जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मी भी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते नजर आए लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिल पायी। शुगर मिल के पेराई सत्र के दौरान गन्नों के वाहनों के कारण भी शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, गन्नों के जाम के कारण दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित होता है। जिला प्रशासन द्वारा भी कई बार मिल अधिकारियों से गन्ना वाहनों के कारण लगने वाले जाम की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी जिससे शहर में जाम के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं और किसी भी अधिकारी के पास जाम की समस्या के समाधान का कोई उपाय नहीं है।
रिपोर्ट :- सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी जनपद शामली उ०प्र०।