देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और स्वजन को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उपचार के लिए एवं मृतकों के स्वजन को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आयुक्त गढ़वाल एवं जिलाधिकारी देहरादून घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि वाहनों में ओवर लोडिंग न हो। यदि इस तरह की कोई बात आती है, तो संबधित अधिकारी पर कड़ी कारवाई की जाए।