उत्तराखण्डराज्यविशेष समाचार

देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा बढ़ाने के प्रयास तेज

देहरादून 10 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए हवाई संपर्क बढ़ाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में इस संबंध में जानकारी साझा की है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वर्तमान में देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बैंगलौर, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, शमशाबाद, जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा प्रति सप्ताह कुल 254 उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त किया गया है, जिसके तहत एयरलाइंस अपने वाणिज्यिक हितों और संचालन के आधार पर मार्गों और सेवाओं का चयन करने के लिए स्वतंत्र हैं। किसी भी नए मार्ग पर उड़ान शुरू करने या सेवाएं बढ़ाने का निर्णय संबंधित एयरलाइंस कंपनियों पर निर्भर करता है।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू करने के मुख्यमंत्री के अनुरोध को सभी अनुसूचित घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे प्रदेशवासियों को इन महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक शहरों से सीधा संपर्क मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button