ईडीआईआई ने 2026 के लिए राष्ट्रीय उद्यमिता ग्रीष्मकालीन शिविरों की घोषणा की

देहरादून,10 अप्रैल 2026। 
Entrepreneurship Development Institute of India (ईडीआईआई) ने वर्ष 2026 के लिए बच्चों और युवाओं हेतु राष्ट्रीय उद्यमिता ग्रीष्मकालीन शिविरों की घोषणा की है। वर्ष 1992 से आयोजित किए जा रहे ये शिविर 12–16 वर्ष के बच्चों और 16–22 वर्ष के युवाओं में प्रारंभिक स्तर पर उद्यमी सोच विकसित करने और जीवनोपयोगी कौशल सिखाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं।
इस वर्ष ‘एंटरप्रेन्योरियल स्टिमुलेशन फॉर चिल्ड्रेन’ के 46वें और 47वें संस्करण क्रमशः 3–8 मई और 24–29 मई को आयोजित होंगे। वहीं ‘एंटरप्रेन्योरियल एडवेंचर्स फॉर यूथ’ के 49वें और 50वें संस्करण 11–20 मई और 1–10 जून को संस्थान परिसर में आयोजित किए जाएंगे।
पिछले तीन दशकों में बच्चों के लिए आयोजित इन शिविरों के माध्यम से 3,228 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। शिविर बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन में सफलता के लिए आवश्यक कौशल सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। शिविर के बाद अभिभावकों को बच्चों के व्यक्तित्व विश्लेषण और भविष्य के विकास संबंधी सुझावों के साथ विस्तृत रिपोर्ट भी दी जाती है।
युवाओं के लिए आयोजित ‘एंटरप्रेन्योरियल एडवेंचर्स’ शिविरों के माध्यम से अब तक 2,100 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इन शिविरों में प्रतिभागियों को जोखिम लेने की क्षमता, रचनात्मक सोच, प्रभावी संचार, टीम वर्क, विवाद प्रबंधन और समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण उद्यमी गुणों का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही करियर परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है।
शिविरों के दौरान सफल उद्यमियों के साथ संवाद और फील्ड विजिट जैसी गतिविधियां प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व पर सकारात्मक और स्थायी प्रभाव पड़ता है।
ईडीआईआई के संकाय सदस्य डॉ. पंकज भारती इस शिविर का नेतृत्व कर रहे हैं। इच्छुक प्रतिभागी उनसे pbharti@ediindia.org और camps@ediindia.org पर संपर्क कर सकते हैं।



