उत्तराखण्डराज्य

एडीबी के साथ उत्तराखण्ड के विकास प्रोजेक्ट्स पर मंथन, हर जिले में मॉडल स्किल सेंटर बनाने पर जोर

देहरादून, 09 अप्रैल 2026 — मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और उत्तराखण्ड सरकार के निर्माण संबंधी विभागों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीबी द्वारा प्रदेश में विभिन्न विभागों के तहत संचालित प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई, साथ ही विभागों ने अपने प्रमुख प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण भी किया।
मुख्य सचिव ने एडीबी अधिकारियों से प्रदेश में कौशल विकास को बढ़ावा देने हेतु विशेष परियोजनाएं शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रत्येक जनपद में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर स्थापित करने की बात कही, जहां युवाओं के प्रशिक्षण, सर्टिफिकेशन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने एक समग्र (होलिस्टिक) योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को प्रदेश में पुलों के निर्माण तथा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के ट्रीटमेंट कार्यों के लिए एडीबी से वित्तपोषण हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर एडीबी से वित्तपोषित कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं को भी एडीबी के माध्यम से वित्तपोषित करने की संभावनाओं पर बल दिया। साथ ही JICA से वित्तपोषित जनपदों को छोड़कर अन्य जनपदों के प्रस्ताव एडीबी को भेजे जाने की बात कही। मुख्य सचिव ने अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग को भी एडीबी परियोजनाओं में शामिल करने के निर्देश दिए तथा ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप विकास परियोजनाएं तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को अपनी योजनाओं की प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स एडीबी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एडीबी की कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने उत्तराखण्ड में चल रहे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और विभागों से नए प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री नितेश कुमार झा, डॉ पंकज कुमार पांडेय, श्री दिलीप जावलकर तथा एडीबी के श्री अशोक श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button