ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अनुभवों ने छात्रों को किया प्रेरित, साहित्यिक सत्रों से लेकर सांस्कृतिक संध्या तक



देहरादून 08 अप्रैल दून बुक फेस्टिवल में 8 अप्रैल का दिन विभििन्सान आयोजनों के दर्शकों के लिए खास रहा। दून लिट फेस्ट के अंतर्गत आयोजित विशेष सत्र में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के लड़ाकू पायलट एवं अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मुख्य आकर्षण रहे। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ अपने अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा किए। बच्चों ने पूरे उत्साह और जिज्ञासा के साथ उनके विचारों को सुना। सत्र के दौरान उन्होंने वीडियो के माध्यम से अंतरिक्ष से जुड़ी कई रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारियाँ प्रस्तुत कीं, जिससे बच्चों की रुचि और भी बढ़ी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उनसे अंतरिक्ष और उनके अनुभवों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया। यह पूरा सत्र बेहद रोचक, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
दून लिट फेस्ट के दूसरे सत्र में ‘लीडरशिप इन यूनीफॉर्म : स्टोरीज ऑफ करेज, रिस्ट्रेंट एंड रिजोल्व’ विषय पर लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ और वरिष्ठ पत्रकार नीरज राजपूत के साथ एक सार्थक संवाद आयोजित किया गया। इस सत्र में नेतृत्व, साहस और अनुशासन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने वर्तमान समय में सैन्य संचालन की जटिलताओं, बदलते सुरक्षा परिदृश्य और भविष्य की तैयारियों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही, उन्होंने चुनौतियों का सामना करने में संयम और दृढ़ संकल्प की भूमिका को भी रेखांकित किया। यह सत्र ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा, जिसने उपस्थित श्रोताओं को नेतृत्व के नए दृष्टिकोण प्रदान किए।
बाल मंडप में आज का दिन उत्साह, कल्पना से परिपूर्ण रहा। 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक एवं शैक्षिक गतिविधियों में भाग लिया। दिन की शुरुआत “डांस एंड बॉडी मूवमेंट वर्कशॉप” से हुई, जहाँ बच्चों ने संगीत और दैनिक गतिविधियों को नृत्य के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इसके बाद “ड्रॉ अ मैस्कॉट” कार्यशाला में बच्चों ने राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के बारे में जाना और अपनी रचनात्मकता से अनूठे डिज़ाइन तैयार किए। वहीं “पपेट मेकिंग वर्कशॉप” में उन्होंने सरल सामग्रियों से कठपुतलियाँ बनाना सीखा। बाल मंडप में दिन का समापन “टीचर टू फैसिलिटेटर” सत्र के साथ हुआ, जिसमें शिक्षकों और अभिभावकों के लिए सहभागितापूर्ण शिक्षण पद्धति पर जोर दिया गया। पूरे दिन ऐपन आर्ट कॉर्नर, कलर मी कॉर्नर और अन्य रचनात्मक गतिविधियों ने बाल मंडप को जीवंत बनाए रखा।
आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के माननीय सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दून बुक फेस्टिवल में विभिन्न विभागों एवं प्रतिष्ठित प्रकाशकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने अशोक चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सत्र से पहले उन्हें पुस्तक भेंट कर उनका स्वागत, सम्मान किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा, ‘पुस्तकें हमारे विचारों को दिशा देने और व्यक्तित्व को समृद्ध करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे महोत्सव युवाओं को साहित्य, इतिहास, विज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़ने का अवसर देते हैं, इसलिए हमें इनसे अवश्य जुड़ना चाहिए।’
दून बुक फेस्टिवल के पांचवें दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या में ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ बैंड की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने दर्शकों को भारतीय संगीत की विविध रंगतों से रूबरू कराया। बैंड ने अपने जीवंत और सुरमय प्रदर्शन से पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। लोक, शास्त्रीय और फ्यूजन संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
दून बुक फेस्टिवल 2026 में 9 अप्रैल को विविध रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाल मंडप में राजेश पांडे द्वारा स्टोरीटेलिंग सेशन, संगीता अंगोम के साथ चित्रों के माध्यम से खेल तथा आर्ची और नेहा के साथ जाइन मेकिंग कार्यशाला बच्चों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। वहीं साहित्यिक सत्रों में चंद्रचूर घोष और अनुज धर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और उनसे जुड़े रहस्यों पर चर्चा करेंगे, जबकि संजीव चोपड़ा भारत के इतिहास को साहित्य के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या के रूप में होगा, जिसमें उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका मेहर की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।



