मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार”: उत्तराखंड पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई बड़े अपराधी गिरफ्तार

देहरादून, 01 अप्रैल 2026 । माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत उत्तराखंड पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं।
राजपुर फायरिंग हत्याकांड में 3 और गिरफ्तारी
राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग एवं हत्या की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 और अभियुक्तों—आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा—को गिरफ्तार किया है। यह घटना बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी है, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध व्यक्ति की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी।
इस मामले में पूर्व में 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
18.5 लाख की डकैती का आरोपी ऋषिकेश से गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जनपद के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार आरोपी योगेश रमेश लहारे को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के आधार पर संभव हो सकी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया।

1 लाख का इनामी जेल फरार अपराधी भी दबोचा
उड़ीसा के कटक जनपद से जेल तोड़कर फरार हुए 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे वाहन सहित पकड़ लिया। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों पर सख्ती
देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के साथ मिलकर डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
6 व्यक्तियों पर धारा 83 पुलिस एक्ट
14 व्यक्तियों पर धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
नो पार्किंग में खड़े 8 वाहनों को क्रेन से हटाकर चालान
डीजीपी दीपम सेठ का बयान
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान जारी है।
संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा पीजी, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, अवैध रूप से संचालित पब और बार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है तथा शहरों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।



