इंदिरा मार्केट पुनर्विकास योजना में काम ठप होने से प्रभावितों ने किया प्रदर्शन

देहरादून 31 मार्च । इंदिरा मार्केट पुनर्विकास योजना (इंदिरा मार्केट रिडेवलपमेंट प्लान) में लंबे समय से कार्य ठप रहने के खिलाफ प्रभावित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्य में तेजी लाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रभावितों की ओर से उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया, ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्ष 2016 में एमओयू हुआ था और तत्कालीन सरकार ने दो वर्षों में योजना पूर्ण करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार बदलने, कोविड-19 महामारी व अन्य कारणों से योजना वर्षों तक स्थगित रही। वर्ष 2022 में वर्तमान सरकार ने योजना का पुनः उद्घाटन किया, लागत बढ़ाई और डेढ़ वर्ष में विस्थापन पूरा करने का भरोसा दिया। बाद में एमडीडीए बैठक में दिसंबर 2026 तक विस्थापन का लक्ष्य रखा गया। इसके अलावा पिछले तीन माह से वित्तीय संकट के कारण पुनर्विकास कार्य पूर्णतः ठप है, जिससे प्रभावित व्यापारियों में गहरी निराशा है। उनका रोजगार लगभग समाप्त हो गया है और भविष्य अनिश्चित हो गया है। स्थानीय विधायक एवं मंत्री खजानदास से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने योजना को तत्काल पुनः प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक धनराशि जारी करने। एमडीडीए एवं निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य की समयबद्ध योजना एवं वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने। प्रभावित व्यापारियों/परिवारों को अंतरिम राहत एवं वैकल्पिक रोजगारध्स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने ।
जिला प्रशासन के स्तर से मामले की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में योजना पूर्ण कराई जाने आदि मांगे की है। उपजिलाधिकारी अपूर्वा सिंह ने ज्ञापन लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। ज्ञापन की प्रतियां एमडीडीए, आवास एवं शहरी विकास सचिव, मुख्य सचिव, स्थानीय विधायक एवं मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई हैं।
इस अवसर पर सीपीएम सचिव अनन्त आकाश, व्यापार मण्डल के उपाध्यक्ष अशोक सचदेवा, डीएवी छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष लेखराज, सीआईटीयू उपाध्यक्ष लेखराज, धर्मेंद्र कुमार, मेहरबान, इमरान, कुलबीर, पाहुजा, जे आर शर्मा, अनिलकुमार, सुरेश, एम पी सिंह, राजेश सोनकर,अनिल उनियाल, जाहिद,नीरज,विजय,मनमोहन, टिंकू, देवराज,गुलशन, शरणकुमार, बिरेन्द्र, संजय, दिनेश उपाध्याय, हरजीतसिंह आदि बडी संख्या में पभावित शामिल थे!


