सोमवार सुबह मसूरी रोड पर खूनी खेलः- रास्ता न देने के विवाद में चली गोलियां,मॉनिंग वॉक पर निकले निर्दोष की गयी जान

देहरादून 30 मार्च । सोमवार सुबह राजपुर थाना क्षेत्र में मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। आरोपियों द्वारा कार रोकने के लिए चलाई गई गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी। उस व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहंुची पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित राजपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में बदल गया. आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रिटायर्ड ब्रिगेडियर 70 साल के थे। घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि जोहड़ी गांव के पास ओवरटेकिंग और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें एक निर्दाेष व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



