उत्तराखण्डधर्म-कर्म

रायपुर विधानसभा सम्मेलन–2026: मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं को दिया जन-जन तक योजनाएं पहुंचाने का आह्वान

देहरादून, 30 मार्च 2026। हरिद्वार रोड स्थित ऑर्चिड बैंक्वेट हॉल में रायपुर विधानसभा की ओर से “विधानसभा सम्मेलन–2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और उपस्थित कार्यकर्ताओं व अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में चहुंमुखी और संतुलित विकास हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने पेयजल, परिवहन, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। जी-20 जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से उत्तराखंड को नई पहचान और रफ्तार मिली है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सीमांत गांवों तक विकास पहुंचाने और पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू करने में सरकार सफल रही है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा “राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम” को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की ताकत बताया।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि रायपुर विधानसभा संगठनात्मक दृष्टि से लगातार मजबूत हो रही है और यहां का हर कार्यकर्ता संगठन को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रहा है।
वहीं रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रायपुर विधानसभा का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को समय-समय पर मुख्यमंत्री के समक्ष रखने पर उनका त्वरित समाधान किया गया है।
कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री श्रीमती विनोद उनियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, रायपुर विधानसभा के मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button