मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में मां बाल सुंदरी मंदिर में की पूजा, विकास योजनाओं की दी बड़ी घोषणाएं

काशीपुर 30 मार्च 

। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और चहुंमुखी विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चैती मेला कोष से मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं परिसर विकास की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने चैती मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल मेला नहीं, बल्कि लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत उत्सव है। उन्होंने कहा कि मेले में पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इसे और आकर्षक बनाती हैं। इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। काशीपुर के विकास के लिए सरकार कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है।
उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है, जबकि 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है। इसके अलावा 4 करोड़ रुपये से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण और 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार व ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसे कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क योजना भी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है, ताकि काशीपुर औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था की नगरी के रूप में भी पहचान बना सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य में लागू सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और समान नागरिक संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और नकल के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



