देहरादून में भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं को दिया 2027 चुनाव का मंत्र

देहरादून, 29 मार्च।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैंट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों, पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने मंडल सरदार पटेल द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 की कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण को सुना। इसके पश्चात उन्होंने संगठन को और अधिक प्रभावी व सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और वर्ष 2027 में प्रस्तावित उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विचारधारा, अनुशासन एवं संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने एकात्म मानववाद विषय पर विचार रखते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका बताई।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख की भूमिका को मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण से प्रेरणा लेकर सेवा पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर देहरादून के अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध और संगठनात्मक रूप से सक्षम बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और 2027 विधानसभा चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर सहित मां नंदा देवी मंडल, स्वामी विवेकानंद मंडल एवं सरदार पटेल मंडल के पदाधिकारी, पार्षदगण, कार्यकर्ता तथा महानगर व प्रदेश स्तर के दायित्वधारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

