कैंट विधानसभा से भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को दी वैचारिक दिशा

देहरादून,28 मार्च 2026। 
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं का शुभारंभ देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से किया गया। इस क्रम में स्वामी विवेकानंद मंडल, सरदार पटेल मंडल (कैंट विधानसभा) एवं डालनवाला मंडल (राजपुर विधानसभा) में कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
कार्यशाला के प्रथम सत्र का शुभारंभ महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार, दृष्टिकोण और सतत् आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र का पुनर्निर्माण तथा एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। साथ ही उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि मानव शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का समन्वय है तथा समाज एक जीवंत इकाई के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में नई ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कैंट विधायक सविता कपूर ने अपने संबोधन में पार्टी के इतिहास, विचारधारा और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त उपकरण है और भाजपा लगातार समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।
दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने संगठन की संरचना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का विस्तार सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना के प्रसार के लिए है। उन्होंने बताया कि पार्टी की कार्यप्रणाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी से लेकर पन्ना प्रमुख तक सुव्यवस्थित है और प्रत्येक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी कमजोरियों को पहचानकर संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र भसीन एवं रविंद्र कटारिया ने भी अपने-अपने विषयों पर कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से अवगत कराया और संवाद किया।
इस अवसर पर सरदार पटेल नगर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, विवेकानंद मंडल अध्यक्ष पुष्कर चौहान एवं डालनवाला मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में महामंत्री विजेंद्र थपलियाल, बबलू बंसल, पूनम मंगाई, मनोज कांबोज, संजय अरोड़ा, रंजीत सेमवाल, हैप्पी शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



