उत्तराखण्डबिज़नेसराष्ट्रीय

लघु व कुटीर उद्योगों से महिलाओं को जोड़ राष्ट्रीय नेतृत्व की दिशा में पहल: सरोज शर्मा

देहरादून,28 मार्च 2026। भारतीय व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) सरोज शर्मा अपने उत्तराखंड दौरे के तहत शनिवार को देहरादून पहुंचीं। प्रदेश कार्यालय, दून वन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सालावाला, गढ़ी कैंट रोड स्थित कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश अग्रवाल ने किया, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री संजीव शर्मा ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरोज शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब आवश्यकता है कि लघु एवं कुटीर उद्योगों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर सतीश अग्रवाल ने बताया कि संगठन से प्रदेश के विभिन्न व्यापारी वर्ग जुड़े हुए हैं, जिनमें महिला उद्यमियों की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को एकजुट होकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। साथ ही, राज्य में स्टार्टअप्स और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें स्थानीय उद्यमियों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
महामंत्री संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि संगठन द्वारा पूरे उत्तराखंड में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, मसूरी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हल्द्वानी, गोपेश्वर, कोटद्वार, चमोली और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों के व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में दीपक जुयाल, करण सिंह, अनिल कुमार, सत्यपाल नौटियाल, कमल कुमार, जितेंद्र चौहान, सत्यम अग्रवाल, मुलायम सिंह, सुनीता रावत, पायल अग्रवाल, वंशी कुमारी, जोगिंदर यादव, सुधीर कुमार, ओमवीर शिरोमणि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button