राज्यपाल गुरमीत सिंह का पिथौरागढ़ दौरा: योजनाओं की समीक्षा, स्टालों का निरीक्षण और स्थानीय उत्पादों की सराहना

देहरादून/पिथौरागढ़, 27 मार्च 2026 । 

गुरमीत सिंह, राज्यपाल उत्तराखण्ड, एक दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ पहुंचे, जहां नैनी-सैनी हवाई अड्डे पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह एवं उपजिलाधिकारी जीतेन्द्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन किया।
पुलिस विभाग द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत उन्होंने हवाई अड्डा परिसर में लगे ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, जिला उद्योग केंद्र तथा “हाउस ऑफ हिमालयाज” के स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, स्वरोजगार गतिविधियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्थानीय महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है, जो सराहनीय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वयं सहायता समूहों को उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग के जरिए उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने पर जोर दिया।
इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और वहां उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए उनकी आकांक्षाओं के बारे में जाना। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु परिश्रम और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें आशीर्वाद दिया।
दौरे के क्रम में राज्यपाल ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है।


