उत्तराखण्डराज्य

आपदा प्रबंधन कार्यों को मिली रफ्तार, 34 करोड़ की स्वीकृतियों पर मुहर

देहरादून,25 मार्च 2026 । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में राज्य आपदा मोचन निधि एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जनपदों से प्राप्त प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान करते हुए आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी प्रस्ताव जनपद स्तरीय समिति की संस्तुति के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ही भेजे जाएं। उन्होंने सिंचाई विभाग को नदियों की ड्रेजिंग एवं माइनिंग के लिए एसओपी शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, बाढ़ सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों को तकनीकी सलाहकार समिति (TAC) की प्रक्रिया के बाद ही राज्य कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जिन नदियों में हर वर्ष कटान की समस्या आती है, उन्हें चिन्हित कर चैनलाइजेशन की स्थायी योजना तैयार की जाए। सितारगंज स्थित बैगुल नदी के लिए विस्तृत अध्ययन कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों में भूस्खलन, बाढ़ सुरक्षा, ड्रेनेज एवं सुरक्षात्मक कार्यों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें नैनीताल, पिथौरागढ़, हरिद्वार, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी और देहरादून सहित कई जिलों की परियोजनाएं शामिल हैं।
देहरादून जनपद में रायपुर क्षेत्र के जोगीवाला एवं बद्रीपुर, डोईवाला क्षेत्र में दुल्हनी नदी के किनारे बसे क्षेत्रों तथा कैंट और सहसपुर क्षेत्र में टोंस नदी तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी मंजूरी दी गई।
इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत विभिन्न मदों में अतिरिक्त धनराशि आवंटन हेतु कुल 34 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को कार्योत्तर अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री विनोद कुमार सुमन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button