प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर

देहरादून,23 मार्च 2026 । मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घरेलू एवं व्यवसायिक सिलेंडरों की मांग के अनुरूप समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जनपदवार गैस आपूर्ति की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य जरूरी सेवाओं को निर्बाध गैस आपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को एलपीजी स्टेट कोऑर्डिनेटर के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से शहरी क्षेत्र में अपग्रेड हुए इलाकों को तेल कंपनियों के सिस्टम में भी अपडेट कराने की कार्रवाई तेज करने को कहा, ताकि वहां के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
मुख्य सचिव ने पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए व्यावसायिक संस्थानों को इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही, एलपीजी के विकल्प के रूप में पिरुल ब्रिकेट को बढ़ावा देने की बात कही, जिससे गैस की खपत कम होने के साथ ही चीड़ के जंगलों से पिरुल का निस्तारण भी संभव हो सकेगा।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री एल. फैनाई, सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, श्री आनन्द स्वरूप एवं डीजी यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



