उत्तराखण्ड के पांच जनपदों में हिमस्खलन की चेतावनी
देहरादून 21 मार्च। उत्तराखण्ड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को राज्य में बर्फबारी, हिमस्खलन की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने के संबंध में एक पत्र भेजा है।
जिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने शुक्रवार की शाम पांच बजे से शनिवार शाम पांच बजे तक के लिए एक पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फवारी, हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की गयी है।विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ को (डेंजर लेविल- तीन), रुद्रप्रयाग, बागेश्वर को (डेंजर लेविल एक) में बर्फबारी, हिमस्खलन की संभावना जताई गई है। ऐसे में इन क्षेत्रों में अधिक बर्फ पड़ने की दशा में एवलांच का खतरा भी हो सकता है। ऐसे में इन क्षेत्रों में स्थानीय जनसामान्य को सावधानियां बरतना उचित होगा।


