रुद्रपुर में 43 मदिरा दुकानों का लॉटरी से आवंटन, 257 आवेदनों में हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा

रुद्रपुर,20 मार्च 2026 । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में प्रभारी अधिकारी/उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला सभागार में शुक्रवार को 24 देशी एवं 19 विदेशी मदिरा सहित कुल 43 दुकानों का आवंटन लॉटरी पद्धति से किया गया। मदिरा दुकानों के लिए कुल 257 आवेदन प्राप्त हुए, जिससे आवंटन प्रक्रिया में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
जनपद में कुल 152 मदिरा दुकानों में से 132 का नवीनीकरण पूर्व में ही किया जा चुका है। शेष 43 दुकानों में 20 पुरानी एवं 23 नई दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से संपन्न कराया गया।
विदेशी मदिरा की 7 दुकानों पर एक-एक आवेदन प्राप्त होने के कारण सीधे आवंटन किया गया, जबकि अन्य दुकानों के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। चैती चौहरा, रम्पुरा, बाजपुर दोराहा, इन्द्रा कॉलोनी, ढकिया गुलाबो, रामराज रोड मंडी गेट बाजपुर सहित कई स्थानों पर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निष्पक्ष लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया।
इसी प्रकार देशी मदिरा की 11 दुकानों का एकल आवेदन के आधार पर आवंटन किया गया, जबकि शेष दुकानों के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। मानपुर रोड, अनाज मंडी काशीपुर, मलसा गिरधरपुर, जाफरपुर, छिनकी किच्छा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आवेदनों की संख्या अधिक रहने से प्रतिस्पर्धा बढ़ी।
पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र बिष्ट, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आवेदनकर्ता उपस्थित रहे।


