सिरौलीकला नगर पालिका की मतदाता सूची का पुनरीक्षण 23 मार्च से, 20 मई को अंतिम प्रकाशन
रुद्रपुर,18 मार्च 2026 । जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद सिरौलीकला की निर्वाचन नामावलियों (मतदाता सूचियों) का विस्तृत पुनरीक्षण कार्यक्रम 23 मार्च से 20 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत 23 से 25 मार्च तक संगणकों, पर्यवेक्षकों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति व कार्यक्षेत्र आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 26 से 27 मार्च तक प्रशिक्षण आयोजित होगा।
28 मार्च से 11 अप्रैल तक घर-घर जाकर गणना एवं सर्वेक्षण किया जाएगा। 12 से 16 अप्रैल तक प्रारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार होगी, जबकि 17 अप्रैल से 1 मई तक डाटा एंट्री एवं फोटोस्टेट का कार्य किया जाएगा।
2 मई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 3 से 9 मई तक नामावली का निरीक्षण एवं दावे-आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। 10 से 14 मई तक इनका निस्तारण किया जाएगा। 15 से 19 मई तक पूरक सूची की डाटा एंट्री की जाएगी और अंततः 20 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे सभी व्यक्ति, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। पुनरीक्षण के बाद तैयार अंतिम नामावली ही आगामी सामान्य एवं उप निर्वाचन में उपयोग की जाएगी।


