उत्तराखण्डमौसम

एक दो दिन और देखने को मिलेगा मौसम में बदलाव

देहरादून 17 मार्च। मौसम विभाग ने प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम का यह बदलाव होने की बात की है। विभाग ने अगले एक-दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी जारी रह सकती है। कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के ऊंचाई वाले जिलों में रविवार देर रात से मौसम ने करवट लेनी शुरू की। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। केदारनाथ धाम और उसके आसपास के इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र एक बार फिर सफेद चादर से ढका नजर आया। स्थानीय लोगों के मुताबिक मार्च के महीने में इस तरह की बर्फबारी कम ही देखने को मिलती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है। बर्फबारी के चलते पहाड़ों में ठंड भी बढ़ गई है। कई जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। दूसरी ओर मैदानी जिलों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों में बारिश हुई। बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ गई। लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Related Articles

Back to top button