हेमकुंड साहिब यात्रा: 20 मई से रवाना होगा पहला जत्था 23 मई को खुलेंगे कपाट, राज्यपाल गुरमीत सिंह से हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट कर दी जानकारी

देहरादून, 17 मार्च 2026। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मंगलवार को लोक भवन में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों और कपाट खुलने की तिथि पर चर्चा हुई।
ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा का शुभारंभ 20 मई को ऋषिकेश से ‘पंज प्यारों’ की अगुवाई में प्रथम जत्थे की रवानगी के साथ होगा।
राज्यपाल ने यात्रा व्यवस्थाओं, मार्गों पर किए गए विकास कार्यों और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
राज्यपाल ने ट्रस्ट, शासन और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस पावन यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना भी की। खुलेंगे कपाट



