आकांक्षी ब्लॉक गदरपुर का केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण, योजनाओं के क्रियान्वयन की सराहना

गदरपुर/रूद्रपुर,11 मार्च 2026 । 
नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा जनपद ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विकास खण्ड को आकांक्षी ब्लॉक के रूप में चयनित किया गया है। आकांक्षी विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण सहित छह प्रमुख संकेतांकों को निर्धारित करते हुए 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक इनके शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में बुधवार को कोयला मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक दीपक गोयल तथा रक्षा मंत्रालय भारत सरकार के डिप्टी सेक्रेटरी संजय कुमार की केंद्रीय टीम ने आकांक्षी ब्लॉक गदरपुर का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
टीम ने ग्राम रजपुरा नंबर-02 स्थित मलकीत डेरी एवं ब्रीड मल्टीप्लिकेशन फार्म, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रजपुरा, आंगनबाड़ी केंद्र रजपुरा नंबर-1, अक्षयपात्र किचन गदरपुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर आदर्श नगर गदरपुर, नारायणपुर में विशाल मंडल द्वारा संचालित बर्मी कम्पोस्ट, पुष्प उत्पादन एवं मत्स्य पालन कार्यों तथा ग्राम पिपलिया में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आकांक्षी ब्लॉक में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से आकांक्षी ब्लॉक के सभी परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में सशक्त होकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बना रहे हैं और मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
इस दौरान टीम ने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने आकांक्षी विकास खण्ड में संचालित योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी टीम को दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एस.के. शर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी तथा खण्ड विकास अधिकारी आतिया परवीन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



