उत्तराखण्डजनसुनवाई

14 मार्च को ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

रुद्रपुर,10 मार्च 2026 । मा० उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 (द्वितीय शनिवार) को जनपद ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर द्वारा 14 मार्च को प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक रुद्रपुर स्थित जिला न्यायालय सहित वाह्य स्थित दीवानी न्यायालयों काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया जाएगा, जिनमें भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिलों के मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के प्रकरण, आपराधिक शमनीय व सिविल मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित शमनीय प्रकृति के आपराधिक वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, धन वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, विद्युत व जलकर बिल से संबंधित प्रकरण, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, भुगतान व भत्तों से संबंधित सेवा मामले, जिला न्यायालय में लंबित राजस्व वाद, मोटर वाहन अधिनियम के शमनीय अपराधों के चालान तथा सिविल मामले (किरायेदारी, सुखाधिकार, व्यादेश) का भी निस्तारण किया जाएगा।
सचिव ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अपने वादों/मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से संबंधित न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर अपने वादों को नियत करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केन्द्र, रुद्रपुर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर एडीआर केन्द्र रुद्रपुर के हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, ई-मेल dlsausnagar@gmail.com तथा फोन नंबर 05944-250682 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button