अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्तराखंड में ‘अस्मिता एथलेटिक्स लीग’ का आयोजन
मेरा युवा भारत और खेलो इंडिया की पहल से कई जिलों में महिला खेल प्रतियोगिताएं

देहरादून,
08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘अस्मिता एथलेटिक्स लीग’ के अंतर्गत उत्तराखंड के कई जिलों में महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat) और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य गांवों और छोटे कस्बों की लड़कियों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
8 मार्च 2026 को पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, देहरादून और नैनीताल सहित राज्य के विभिन्न स्थानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। देशभर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और माय भारत के संयुक्त प्रयास से 250 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें अंडर-13, 13-18 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रुद्रप्रयाग में प्रतियोगिताओं का आयोजन
जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी ने किया। प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ मनोरंजन गतिविधियों के रूप में नींबू दौड़, बोरी दौड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
अंडर-13 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अर्चना, 200 मीटर में सुहाना और 400 मीटर में दीपिका विजेता रहीं। 13-18 आयु वर्ग में 100 मीटर में नैना, 200 मीटर में इशिका और 400 मीटर में रितिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100 मीटर में प्रियांशी, 200 मीटर में दिव्या और 400 मीटर में सलोनी विजेता रहीं।
मनोरंजन प्रतियोगिताओं में नींबू दौड़ में रेखा और बोरी दौड़ में अर्चना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में रुचि भारती, अजीत सिंह नेगी, अरविंद चौहान और आलोक नेगी उपस्थित रहे।
हल्द्वानी में भी हुआ आयोजन
नैनीताल जिले के स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-13, 13-18, 18 वर्ष से अधिक और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ कराई गई।
अंडर-13 वर्ग में मोनिका ने तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 13-18 आयु वर्ग में प्रियंका, हरिशिता और नमिता ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आरती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों दौड़ों में पहला स्थान प्राप्त किया। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रेखा ने भी तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए फन ज़ुम्बा सत्र भी आयोजित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं परंपरागत सीमाओं को तोड़ते हुए हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, खेल, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जुड़े कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
पौड़ी गढ़वाल में भी प्रतियोगिता
पौड़ी गढ़वाल जिले के दुगड्डा विकासखंड के इंटर कॉलेज मोटाढ़ाक, कोटद्वार में भी अस्मिता एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि युवा उद्यमी सीमा धन्नार ने महिलाओं और बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही बोरा रेस जैसी मनोरंजक गतिविधियों में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में खेलो इंडिया के प्रतिनिधियों, कोचों, स्वयंसेवकों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेताओं को बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल महिला सशक्तिकरण और खेलों में उनकी बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


