उत्तराखण्डधर्म-कर्मराज्य

श्री झंडे जी आरोहण के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब, बाज की परिक्रमा को माना दिव्य संकेत

देहरादून 08 मार्च । श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में आयोजित ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले के अवसर पर श्री झंडे जी के आरोहण के साथ ही श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्री गुरु राम राय जी महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि श्री गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी कारण देश-विदेश से संगतें हर वर्ष इस पावन बेला की प्रतीक्षा करती हैं।
श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की असीम कृपा देश और प्रदेशवासियों सहित समस्त संगतों पर सदैव बनी रहे।
बाज के दर्शन को माना गया दिव्य संकेत
श्री झंडे जी के आरोहण के बाद एक बाज ने झंडे जी की परिक्रमा की, जिसे श्रद्धालुओं ने श्री गुरु राम राय जी महाराज की सूक्ष्म दिव्य उपस्थिति का प्रतीक माना। हर वर्ष की तरह इस बार भी इस अद्भुत दृश्य ने संगतों की श्रद्धा को और गहरा कर दिया और पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से झूम उठा।
एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया पर हुआ लाइव प्रसारण
मेले के दिव्य दृश्य को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए इस बार पांच बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। इसके साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से भी श्री झंडे जी आरोहण का सीधा प्रसारण किया गया। ड्रोन कैमरों से की गई भव्य कवरेज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
देश-विदेश से पहुंची संगतें
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संगतें यहां पहुंचीं। इसके अलावा विदेशों से आई संगतों ने भी इस दिव्य अवसर पर श्री झंडे जी के दर्शन कर श्री गुरु महाराज जी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए ढोल की थाप पर झूमते नजर आए।
पवित्र सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी
श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में स्नान कर श्री गुरु महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
पुलिस, प्रशासन और मीडिया का जताया आभार
श्री झंडा जी मेला आयोजन समिति ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और दूनवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की ओर से सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Back to top button