अपराधउत्तराखण्ड

देहरादून: सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर से फूल उखाड़ने की घटना, एमडीडीए सख्त—दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून,

06 मार्च। शहर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर में लगाए गए फूलों को उखाड़ने की घटना का संज्ञान लेते हुए इसे गंभीर मामला बताया है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया है कि शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण के अनुसार देहरादून शहर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सहस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी फूल-पौधों का रोपण कराया गया है। रंग-बिरंगे मौसमी फूलों और पौधों से सजे इन डिवाइडरों से शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राहगीरों को भी सुखद वातावरण मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई इस घटना को एमडीडीए ने शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से भी अपील की है कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें।
प्राधिकरण के अनुसार घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है और उसके आधार पर फूल उखाड़ने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button